जिले में नगरीय निकाय चुनावों के बीच पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के चलते भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष, भाजपा जिला मंत्री सहित अन्य कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को किया गया निष्कासित, अनुशासनहीनता के चलते जिला भाजपा कोर कमेटी एवं जिला संगठन प्रभारी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष ने लिया निर्णय
झाबुआ। जिले में चल रहे नगरीय निकाय चुनावों के बीच अनुशासनहीनता एवं अधिकृत भाजपा प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने पर तथा पूर्व में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान में भी पार्टी विरोधी कार्य करने पर जिला भाजपा कोर कमेटी की सहमति से भाजपा के जिला संगठन मंत्री हरिनारायण यादव एवं भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह नायक ने भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष, भाजपा जिला मंत्री, भाजपा मंडल महामंत्री, पूर्व पार्षद, युवा मोर्चा नगर महामंत्री सहित कुल 14 लोगों को पार्टी ने निष्कासित किया है।
जानकारी देते हुए भाजपा जिला मीडिया प्रभारी योगेन्द्र नाहर ने बताया कि जिले में नगरीय निकाय चुनाव के बीच पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के सामने निर्दलीय उम्मीद्वार के रूप में खडी भाजपा जिला मंत्री ज्योति जोशी, पूर्व पार्षद कौशल्या प्रजापत, भाजयुमो के मंडल महामंत्री अभिजीतसिंह बेस, पूर्व पार्षद सुनील शर्मा एवं श्रीमती रेखा शर्मा तथा रविंद्र नायक, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री सुरेश बागुल, महेंद्रसिंह पंवार, पूर्व पार्षद श्रीमती संगीता पंवार, लोकेन्द्र कहार एवं श्रीमती नेहा कहार, यग्नेश उपाध्याय, श्रीमती माया उपाध्याय, मंडल महामंत्री कांतिलाल प्रजापत, प्रकाश समीरमल राठौर, चेनसिंह वसुनिया सहित कुल 14 लोगों को अनुशासनहीनता एवं पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित किया गया है।
भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष भी हुए निष्कासित
इससे एक दिन पूर्व ही भाजपा जिलाध्यक्ष एलएस नायक की ओर से पत्र जारी करते हुए भाजपा जिला कोर कमेटी की सहमति एवं भाजपा जिला संगठन प्रभारी हरिनारायण यादव से चर्चा उपरांत भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष कलमसिंह भाबोर सहित रूपसिंह बारिया. रमसू पारगी, मेगजी अमलियार, राजेश गरवाल आदि को भी भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्षों के लिए निष्कासित किया गया है। इनके द्वारा पिछले त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में पार्टी विरोधी कार्य करते हुए पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के विरुद्ध चुनाव लड़ने एवं घोर अनुशासनहीनता की गई थी। भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नायक ने बताया कि जिले में जारी नगरीय निकाय चुनावों के बीच तथा भविष्य में भी जो पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पार्टी के विरोध में कार्य करेगा या अनुशासनहीनता करेगा, तो उसे पार्टी से तत्काल ही निष्कासित किया जाएगा।
फोटो 013 -ः निष्कासन।
